

नई दिल्ली/लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया गया है, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। तावड़े भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद हैं।
पंजाब और गुजरात की भी बदली जिम्मेदारी
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं गुजरात विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी तरुण चुग को सौंपी गई है। दोनों ही नेता पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
उत्तर प्रदेश को भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण चुनावी राज्य माना जाता है। ऐसे में विनोद तावड़े को यूपी की जिम्मेदारी दिए जाने को संगठन की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम नियुक्ति माना जा रहा है।
राष्ट्रीय संगठन में भी कई बड़े बदलाव
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में भी कई प्रमुख चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि पूर्व आरएसएस नेता राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीएल संतोष और अनिल बलूनी को जिम्मेदारी बरकरार
पार्टी ने बीएल संतोष को संगठन महामंत्री के पद पर बरकरार रखा है। वहीं मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारी अनिल बलूनी के पास ही रहेगी। सोशल मीडिया की जिम्मेदारी अब छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को सौंपी गई है।
भाजपा की ओर से जारी सूची में उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए की गई नियुक्तियों को आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



