

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया और PRD जवानों के लिए कई घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम-एटर पश्चिम में करीब ₹23 करोड़ की लागत से बनने वाली बहुमंजिला PRD बैरक का शिलान्यास भी किया गया।
31 हजार से अधिक स्वयंसेवकों को ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदेश के 31 हजार से अधिक PRD स्वयंसेवकों और उनके परिजनों को हर साल ₹5 लाख तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि PRD जवान अब किसी भी सरकारी अस्पताल या सरकार द्वारा इम्पैनल्ड निजी अस्पताल में इस सुविधा का लाभ लेकर अपना और अपने परिवार का इलाज करा सकेंगे।
ड्यूटी भत्ता ₹600 करने का ऐलान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने PRD जवानों के ड्यूटी भत्ते में लगातार वृद्धि की है। वर्ष 2022 में इसे ₹395 प्रतिदिन किया गया था, जिसे पिछले वर्ष बढ़ाकर ₹500 किया गया। अब इसे बढ़ाकर ₹600 प्रतिदिन करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी सरकार काम कर रही है।
‘पहले विकास एजेंडे में नहीं था’
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों के एजेंडे में विकास प्राथमिकता नहीं था और उन्होंने अपने संबोधन में ‘सैफई सिंडिकेट’ का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने गांव, गरीब, नौजवान और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता दी है।
‘उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं’
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब तीन गुना हुई है। उनके मुताबिक, प्रदेश की अर्थव्यवस्था पहले करीब ₹12 लाख करोड़ थी, जो अब बढ़कर लगभग ₹36 लाख करोड़ हो गई है।
योगी ने यह भी कहा कि प्रदेश का वार्षिक बजट पहले करीब ₹3 लाख करोड़ था, जो अब बढ़कर लगभग ₹9.70 लाख करोड़ तक पहुंच गया है। उन्होंने इन आंकड़ों को उत्तर प्रदेश में हुए आर्थिक विकास की प्रगति से जोड़ते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



