

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। यूपी में गर्मी का प्रचंड लगातार बढ़ता जा रहा है। आगरा में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसी बीच भीषण गर्मी के कारण आगरा में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना सामने आई है। जिलाधिकारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए बीमार, बुजुर्गों और बच्चों को शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की भी सलाह दी गई है।
भीषण गर्मी का असर इतना गंभीर रहा कि एक व्यक्ति की जान चली गई। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र स्थित कुबेरपुर कट पर कानपुर निवासी 36 वर्षीय विनोद कुमार शर्मा की गर्मी लगने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार शर्मा अजमेर की एक मसाला फैक्ट्री में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और सोमवार को अजमेर से कानपुर जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे वे कुबेरपुर कट पर बस से उतरकर कानपुर जाने वाली अगली बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान वे एक खोखे के पास तख्त पर बैठकर आराम करने लगे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यह घटना भीषण गर्मी के जानलेवा प्रभाव को दर्शाती है और लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर देती है।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



