

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। राजधानी में अधिवक्ताओं के चैम्बरों पर नगर निगम की कार्रवाई के बाद मामला लगातार गरमाता जा रहा है। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और आक्रोश जताते हुए डीएम कार्यालय भी बंद करा दिया। शहर में वकीलों के आंदोलन को लेकर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
इससे पहले रविवार को कार्रवाई के दौरान पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई थी। आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज किया। उस समय मौके पर रामायण पाठ चल रहा था, जिसे लेकर अधिवक्ताओं और सामाजिक संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई।
इस पूरे घटनाक्रम पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने लिखा कि ‘श्रीरामचरितमानस हमारी सौहार्दपूर्ण संस्कृति का संविधान और मानवीय मर्यादा की आचार संहिता है। लखनऊ में जिस तरह इसका अपमान हुआ है, वह किसी भी तरह क्षमा योग्य नहीं है।
उन्होंने आगे भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का सिर्फ एक धर्म पैसा है और देश अब “अधर्मी भाजपा” को हटाने का मन बना चुका है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी प्रभु राम के भी सगे नहीं हैं। अखिलेश यादव ने लिखा कि लखनऊ में वकीलों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना उनके चैम्बर तोड़ना और विद्वान अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज करना बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अधिवक्ता ही अन्याय का शिकार होंगे तो आम नागरिक को न्याय कैसे मिलेगा।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल हो रहे भ्रष्टाचारियों को छोड़कर बाकी सब कुछ अवैध बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के वकील मिलकर भाजपा नेताओं और उनके सहयोगियों के घरों, दुकानों, कार्यालयों व प्रतिष्ठानों के नक्शों की जांच कर वैध-अवैध निर्माणों के खिलाफ याचिकाएं दाखिल करेंगे।
उन्होंने अधिवक्ताओं की एकता पर भरोसा जताते हुए कहा कि आज़ादी की लड़ाई लड़ने वाले वकील किसी से डरने वाले नहीं हैं और उनकी एकजुटता भ्रष्ट ताकतों को हराएगी। साथ ही उन्होंने लाठीचार्ज में घायल अधिवक्ताओं के निशुल्क उपचार की मांग भी की।
इधर अधिवक्ताओं के आंदोलन को लेकर आधिकारिक निर्णय भी सामने आ गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा निहत्थे अधिवक्ताओं पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में लखनऊ जनपद न्यायालय के समस्त अधिवक्ता 18 मई 2026 से 20 मई 2026 तक पूर्ण रूप से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। साथ ही सेन्ट्रल बार एसोसिएशन, लखनऊ द्वारा 20 मई 2026 को दोपहर 2 बजे आम सभा बुलाई गई है, जिसमें लखनऊ जनपद के सभी बार एसोसिएशनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस बैठक में आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा पर निर्णय लिया जाएगा।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



