
एलायंस टुडे ब्यूरो
बदायूं। सोमवार देर रात बदायूं में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने जन्मदिन की खुशियों को मातम में बदल दिया। जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे चार दोस्तों की कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है जिसे बरेली रेफर किया गया है। हादसा थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के एआरटीओ कार्यालय के पास बाईपास पर हुआ। मृतकों की पहचान मोहल्ला कल्याण नगर निवासी लेखपाल हर्षित सक्सेना उर्फ राजा (23), उनके दोस्त रूबल (22) और हर्षित गुप्ता (26) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल अंकित (24) का इलाज बरेली में चल रहा है।
जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे दोस्त
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को हर्षित सक्सेना का जन्मदिन था। वे अपने दोस्तों रूबल, हर्षित गुप्ता और अंकित के साथ एक रेस्टोरेंट में पार्टी मनाने गए थे। देर रात घर लौटते समय उनकी कार बाईपास पर जिला पंचायत के बोर्ड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों दोस्तों की मौके पर मौत हो गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
दुःखद हादसे की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायल युवक का बेहतर से बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए। सीएम ने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास पर रात में वाहनों की तेज रफ्तार और पर्याप्त रोशनी की कमी के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
