
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट को एक हफ्ते के भीतर दो बड़े झटके लगे हैं। पहले रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की, और अब विराट कोहली ने भी इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया है। सोमवार को कोहली ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। बीते कुछ दिनों से मीडिया में यह चर्चा थी कि कोहली ने बीसीसीआई को अपने संन्यास की सूचना दे दी है। बीसीसीआई ने इंग्लैंड के आगामी दौरे को ध्यान में रखते हुए कोहली से पुनर्विचार का आग्रह किया था, लेकिन उन्होंने अपने फैसले पर कायम रहते हुए टेस्ट से संन्यास लेने का निर्णय लिया।
यह फैसला भारतीय क्रिकेट के लिए एक बड़ा झटका है, खासकर ऐसे समय में जब टीम को अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। एक ही सप्ताह में रोहित शर्मा और कोहली जैसे दो दिग्गजों के संन्यास से प्रशंसकों को गहरा सदमा लगा है। इससे भारतीय टेस्ट क्रिकेट के एक सुनहरे युग का अंत हो गया है।
कोहली ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “टेस्ट क्रिकेट में पहली बार मैंने बैगी ब्लू जर्सी 14 साल पहले पहनी थी। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह प्रारूप मुझे इस तरह के सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे पहचान दी और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा। सफेद जर्सी में खेलना मेरे लिए बहुत ही खास और निजी अनुभव है।
परिश्रम, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता, लेकिन यह हमेशा आपके साथ रहते हैं। जब मैं इस प्रारूप से दूर जा रहा हूं, तो यह आसान नहीं है, लेकिन यह फिलहाल सही लगता है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया है। मैं खेल के लिए, मैदान पर खेलने वाले लोगों के लिए और हर उस व्यक्ति के लिए आभारी हूं, जिसने मुझे इस सफर में आगे बढ़ाया। मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा। पोस्ट के अंत में कोहली ने अपनी टेस्ट कैप नंबर ‘269’ लिखते हुए ‘साइनिंग ऑफ’ कहा।
अब केवल वनडे में दिखेंगे कोहली
कोहली अब केवल वनडे क्रिकेट में ही नजर आएंगे। वह पहले ही 2024 में टी20 विश्व कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं।
टेस्ट करियर में कोहली ने कुल 123 मैचों की 210 पारियों में 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए। इनमें 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 1027 चौके और 30 छक्के लगाए।
वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय में कोहली ने 125 मैचों में 4188 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 38 अर्धशतक शामिल हैं।
वनडे क्रिकेट में कोहली ने 302 मैचों में 14181 रन बनाए हैं, जिसमें 51 शतक और 74 अर्धशतक शामिल हैं।
तीनों फॉर्मेट में कप्तानी का अनुभव
कोहली ने तीनों फॉर्मेट में भारत की कप्तानी की है। 2014 में एमएस धोनी के टेस्ट से संन्यास के बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहली बार उन्होंने कप्तानी की थी। इसके बाद 2022 तक वह टेस्ट टीम के नियमित कप्तान रहे। 2021 में बीसीसीआई ने उनसे टी20 और वनडे की कप्तानी वापस ले ली थी। उन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू 20 जून 2011 को वेस्टइंडीज के खिलाफ सबीना पार्क में किया था, और आखिरी टेस्ट इस साल सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला।
हाल के खराब प्रदर्शन का असर
कोहली का हालिया टेस्ट प्रदर्शन उनकी प्रतिष्ठा के अनुसार नहीं रहा। पिछले साल न्यूजीलैंड ने भारत में तीन टेस्ट की सीरीज 3-0 से जीती थी, जिसमें कोहली ने छह पारियों में सिर्फ 93 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कोहली ने नौ पारियों में 190 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल था। इसके अलावा, बाकी आठ पारियों में उन्होंने कुल 90 रन ही बनाए। विशेषकर ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों पर लगातार आउट होना उनकी कमजोरी बन गई थी।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
