

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। यूपी की राजधानी के अलीगंज थानाक्षेत्र से एक 40 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से जल्द खोजबीन की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, त्रिवेणी नगर सीतापुर रोड निवासी सेवक राम ने बताया कि उनका पुत्र भानु उर्फ सोनू (40 वर्ष) सोमवार देर रात करीब 9:30 बजे अचानक घर से गायब हो गया। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती और वह अक्सर बाहर निकल जाया करता है। बीती रात वह अचानक घर से निकला और सीताराम मंदिर के पास से लापता हो गया। परिजनों ने बताया कि जब से भानु घर से गायब हुआ है, तभी से पूरे परिवार में भारी चिंता का माहौल है।
लापता युवक की पहचान के लिए परिवार ने उसके कपड़ों का विवरण भी दिया है। जानकारी के मुताबिक, भानु ने लाल रंग की शर्ट पहनी थी, जिस पर पीले रंग की छपाई है, और गाढ़े महरून रंग की पैंट पहनी हुई थी। उसका रंग सांवला बताया गया है।
घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि युवक की खोजबीन चालू कर दी गई है. तथा आसपास के इलाकों में भी जानकारी की जा रही है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



