
एलायंस टुडे ब्यूरो
वाराणसी: भोजूबीर-सिंधोरा मार्ग पर वर्षों से सड़क के बीच बनी सैयद बाबा की मजार को आखिरकार प्रशासन ने हटा दिया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पुलिस बल की मौजूदगी में मजार को हटाकर सड़क को पूरी तरह समतल कर दिया। यह मजार लंबे समय से ट्रैफिक जाम और हादसों का कारण बनी हुई थी।
सड़क बीच बनी मजार से होता था रोजाना जाम
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मार्ग पर लगातार जाम और दुर्घटनाएं होती थीं, जिसकी वजह सड़क के बीच बना यह ढांचा था। कई बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हो सकी, लेकिन अब प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मजार को हटाने का साहसिक कदम उठाया है। इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि 20 जुलाई को लाट शाही मजार के अतिक्रमण हटाने की घटना रही। उसके बाद से ही भोजूबीर-सिंधोरा मार्ग की मजार को भी हटाने की मांग ज़ोर पकड़ने लगी थी।
यह भी पढ़ें – Lucknow: सपा नेत्री पूजा शुक्ला के खिलाफ FIR, सरकारी स्कूल में कर रही थीं अवैध PDA पाठशाला का संचालन
अधिवक्ता विनीत सिंह ने इस मामले में प्रशासन को पत्र सौंपकर औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई थी। इतना ही नहीं, 25 जुलाई को स्थानीय नागरिकों ने हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन करने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
एहतियातन हाउस अरेस्ट, फिर भी जारी रहा दबाव
कार्रवाई से पहले माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विनीत सिंह को एहतियातन हाउस अरेस्ट कर लिया था। हालांकि, स्थानीय जनता के लगातार दबाव और दुर्घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए अंततः प्रशासन ने मजार हटाने की कार्रवाई पूरी की।
अब पूरे वाराणसी में चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि शहर में कई धार्मिक स्थल सड़क के किनारे या बीच में अवैध रूप से बने हुए हैं, जिनकी आड़ में अतिक्रमण किया गया है। अब नगर निगम, तहसील प्रशासन और PWD मिलकर ऐसे स्थलों की सूची तैयार कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में सड़क चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण के चलते कई धार्मिक ढांचों को हटाया गया है, और अब बचे हुए स्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
