
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इलाज के दौरान दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से एक कांवड़िए की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा खरखौदा थाना क्षेत्र में एनएच-334 पर हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 26 कांवड़िए सवार थे, जो राजस्थान लौट रहे थे। इसी दौरान कैंटर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो कांवड़ियों ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल एक कांवड़िए को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।
हादसे में कैंटर चालक के भी घायल होने की सूचना है। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें — जंतर-मंतर के प्रदर्शनकारी छात्रों से मिले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री से वार्ता का दिया भरोसा

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



