
लखनऊ: जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था और आरक्षण को लेकर प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात की। छात्रों ने उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। डिप्टी सीएम ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों और प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों को केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया गया है और जल्द ही केंद्रीय मंत्री के साथ उनकी वार्ता कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें — मायावती का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोलीं- सपा गठबंधन के बाद बदल लेती है रंग
हजरतगंज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ आंदोलन से जुड़े हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक और शिवा शर्मा भी मौजूद रहे।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए धरना-प्रदर्शन के संबंध में छात्रों की ओर से एक पत्र प्राप्त हुआ था, जिसे केंद्रीय नेतृत्व तक भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र की ओर से प्रदर्शन से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। डिप्टी सीएम के मुताबिक, दो दिन बाद छात्रों की केंद्रीय मंत्री के साथ बैठक कराई जाएगी।
छात्रों ने रखा अपना पक्ष
आंदोलन से जुड़े हर्ष दुबे ने कहा कि छात्र जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें आश्वासन मिला है कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक के बाद छात्र दोबारा मीडिया के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
शिक्षा और आरक्षण व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदर्शनकारी छात्रों के मांग-पत्र में मौजूदा शिक्षा व्यवस्था और आरक्षण प्रणाली को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं। छात्रों का कहना है कि विद्यार्थियों के बीच किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए और सभी को समान अवसर एवं समान व्यवहार मिलना चाहिए।
छात्रों ने अपने ज्ञापन में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान की घटनाओं, अपनी मांगों और प्रदर्शनकारियों के साथ किए गए व्यवहार का मुद्दा भी उठाया है।
अब सभी की नजरें प्रस्तावित केंद्रीय मंत्री के साथ होने वाली बैठक पर हैं। माना जा रहा है कि इस वार्ता में छात्रों की मांगों और जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़े मुद्दों पर आगे की दिशा तय हो सकती है।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।


