

नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों के हितों और संसद में विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों को लेकर लगातार झूठ फैला रही है और राहुल गांधी के पास अपने आरोपों के समर्थन में तथ्य नहीं हैं।
धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि राहुल गांधी न तो संसद में आना चाहते हैं और न ही सरकार का जवाब सुनना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल अपना पक्ष फैलाकर ‘घड़ियाली आंसू’ बहा रहे हैं।
अमित शाह पर आरोपों को बताया राजनीतिक हताशा
प्रधान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य के अमित शाह पर आरोप लगाना राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सरकार संसद में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस संसद की कार्यवाही बाधित कर देश और युवाओं के हितों को नुकसान पहुंचा रही है। प्रधान के मुताबिक, जब सदन में चर्चा होती है तो विपक्ष के नेता बाहर प्रदर्शन करते हैं और सरकार का जवाब सुनने को तैयार नहीं होते।
झारखंड में छात्रों पर कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी से सवाल
धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर ‘Selective’ लोकतंत्र का आरोप लगाते हुए झारखंड में छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पूरे देश ने देखी है, लेकिन हर मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले राहुल गांधी इस मामले पर चुप क्यों हैं।
प्रधान ने कहा कि देश का युवा कांग्रेस के इस कथित दोहरे रवैये को समझ चुका है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में तानाशाही के लिए कोई जगह नहीं है और कांग्रेस को इसे समझना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आपातकाल वाली सोच से राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



