-पुलिस की मौजूदगी में भीड़ जुटने से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
-वायरल वीडियो में थप्पड़ मारने का दावा
उरई (जालौन)। जनपद जालौन मुख्यालय स्थित उरई न्यायालय के गेट के बाहर बुधवार को दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब न्यायालय में अपना काम निपटाकर बाहर निकली अंगूरी देवी, उनके कदौरा निवासी भाई और पति सुभाष अहिरवार निवासी मालवीय नगर कोंच के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद सड़क तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। अचानक हुए हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए।
बताया गया कि ड्यूटी पर मौजूद एसआई उर्फउद्दीन खान ने विवाद होते देखा तो मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कराया। वहीं, वायरल हो रहे वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव करने से पहले अंगूरी देवी के भाई को थप्पड़ मारा। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में वीडियो की वास्तविकता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भीड़ जुटने से कोर्ट गेट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
कोर्ट गेट के बाहर हुए विवाद के दौरान देखते ही देखते लोगों की भीड़ का एकत्र हो जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कोर्ट गेट के आसपास विवाद और हंगामे से जुड़े वीडियो सामने आते रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि बार-बार कोर्ट गेट के बाहर विवाद की स्थिति क्यों बन रही है और विवाद होते ही मौके पर इतनी बड़ी भीड़ कैसे एकत्र हो जाती है।
लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि क्या कोर्ट गेट पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती रहती है? पुलिस की मौजूदगी के बावजूद विवाद सड़क तक कैसे पहुंच गया? वायरल वीडियो में नजर आ रहे थप्पड़ के मामले की जांच होगी या नहीं? पूर्व में हुई घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव किए गए हैं? इन सवालों को लेकर अब पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। बताया गया है कि अंगूरी देवी और सुभाष अहिरवार के बीच पहले से वैवाहिक विवाद चल रहा है। अंगूरी देवी की ओर से कोंच कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है, जबकि सुभाष अहिरवार ने परिवार न्यायालय उरई में धारा 9 हिंदू विवाह अधिनियम के तहत याचिका दाखिल की है। दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं। संबंधित मामलों में अंतिम निर्णय सक्षम न्यायालय द्वारा किया जाना है।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



