
अनुपम चंद्र
लखनऊ। आज राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में बड़े मंगलवार के अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। खास तौर पर लखनऊ स्थित हनुमत धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के नारों से गूंजता रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, भक्तों की संख्या में बढ़ती रही और मंदिर में भक्ति का सागर लहराने लगा।
हनुमान भक्तों के लिए बड़ा मंगलवार एक विशेष महत्व रखता है। इस बार जून महीने में यह अवसर पांच बार आया, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आज का पाँचवाँ और अंतिम बड़ा मंगलवार होने के कारण मंदिरों में अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। लोगों ने दिनभर बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की, और प्रसाद ग्रहण किया।
हनुमत धाम के मुख्य पुजारी पं. श्री रामनिवास शास्त्री ने बताया कि, “बड़ा मंगलवार हनुमान जी की विशेष कृपा पाने का पर्व है। आज अंतिम मंगलवार होने के कारण दूर-दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचे हैं। कई भक्तों ने उपवास रखकर पूरे विधि-विधान से पूजा की।
मंदिर परिसर में पहुंची एक श्रद्धालु अपर्णा देवी ने कहा, “हर साल हम बड़ा मंगलवार मनाते हैं, लेकिन इस बार पांच बार आया, तो विशेष श्रद्धा के साथ हर मंगलवार को पूजा की। आज अंतिम मंगलवार था, इसलिए अपनी दोस्त जिनका नाम अंशिका है उनके साथ हनुमत धाम आई हूँ।
जल सेवा और भंडारों का आयोजन
श्रद्धा के इस पर्व में सेवा भाव भी कम नहीं रहा। पूरे शहर में जगह-जगह जल सेवा, शरबत वितरण, और भंडारों का आयोजन किया गया। भक्तों ने न केवल मंदिरों में बल्कि सड़कों और प्रमुख चौराहों पर भी प्याऊ और भंडारे लगाए। समाजसेवियों और स्थानीय युवाओं की टीमों ने जरूरतमंदों को भोजन वितरण में बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
सुरक्षा और व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए थे। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा, साथ ही स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था भी की गई थी।
