
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) के इंदिरानगर इलाके में बुधवार सुबह दो दुकान और एक फ्लैट की एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
क्या हुआ था घटनास्थल पर?
एफएसओ इंदिरा नगर ने बताया कि घटना गाजीपुर थाना क्षेत्र के नीलगिरी कॉम्प्लेक्स में हुई। फायर स्टेशन इंदिरा नगर से दो दमकल गाड़ियाँ तुरंत मौके पर रवाना की गईं। जब फायर टीम मौके पर पहुंची तो दर्शित इंटरप्राइजेज नामक इलेक्ट्रॉनिक शॉप के बाहर लगे एसी फैन और मीटर बोर्ड में आग जल रही थी। आग की लपटें दुकान के अंदर तक फैल चुकी थीं। फायर टीम ने तेजी से पंपिंग कर आग को नियंत्रित किया और फैलाव को रोका।
इन जगहों पर फैली आग
तलाशी और जानकारी के दौरान पाया गया कि आग ने सिर्फ एक दुकान नहीं, बल्कि आस-पास की अन्य यूनिट्स को भी नुकसान पहुंचाया: भारती मिश्रा की दुकान दर्शित इंटरप्राइजेज एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान है, जहाँ से आग की शुरुआत हुई। दूसरा एक पशु चिकित्सालय है इसका नाम डॉग एंड पेट क्लिनिक है जिसके मालिक प्रखर गुप्ता हैं. नक्षत्र अपार्टमेंट में ऊपर बने फ्लैट 102 ( जिसके मालिक अनुभूति शर्मा हैं) में स्थित ऑफिस के एसी में भी आग लग गई।
आग का कारण
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। दुकान में लगे एसी फैन, मीटर बोर्ड और वायरिंग से चिंगारी उठने के बाद आग भड़क उठी और फिर तेजी से फैलती गई।
