

एलायंस टुडे ब्यूरो
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया (Balia) जनपद के बहेरी इलाके में स्थित निर्माणाधीन पुल को बिना किसी उद्घाटन या विधिवत अनुमति के चालू कर दिए जाने पर उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री (Transport Minister) दयाशंकर सिंह का ग़ुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को जानबूझकर की गई साज़िश बताया और स्थानीय लोकनिर्माण विभाग (P.W.D.) के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।
क्या है पूरा मामला?
बलिया शहर के बहेरी क्षेत्र में एक नया पुल तैयार किया जा रहा था। इस पुल को लेकर पहले से ही जानकारी दी गई थी कि इसकी अभी तक टेस्टिंग और क्लियरेंस नहीं हुई है, इसलिए इसका उद्घाटन करना उचित नहीं होगा। लेकिन इसके विपरीत, P.W.D. ने बिना किसी औपचारिक उद्घाटन के पुल को चालू कर दिया। जब इस मामले की जानकारी परिवहन मंत्री को मिली, तो वे देर रात स्वयं मौके पर पहुँच गए और निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन (अधिशासी अभियंता) को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने मौके की स्थिति देखकर स्पष्ट तौर पर कहा कि यह एक प्रक्रियात्मक उल्लंघन और राजनीतिक षड्यंत्र है।
मीडिया से बात करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा, जब इस पुल को लेकर पीडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने खुद कहा था कि अभी टेस्टिंग नहीं हुई है, क्लियरेंस नहीं मिला है, तो फिर बिना उद्घाटन के इसे क्यों शुरू करवा दिया गया? यह जानबूझकर किया गया ताकि हमसे इसका श्रेय छीना जा सके। उन्होंने आगे कहा कि वे इस मामले को सरकारी स्तर पर उठाएंगे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग करेंगे। दयाशंकर सिंह ने बलिया के अधिकारियों पर तीखा हमला करते हुए कहा की “यहाँ के कुछ अधिकारी दरबारगिरी कर रहे हैं। 2015 में जिस सड़क का पेमेंट हो गया, वह आज तक नहीं बनी, न ही नाली बनी। आखिर क्यों जनता को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अफसर बलिया को जानबूझकर विकास से दूर रखने की नीति पर काम कर रहे हैं।
मंत्री ने निरीक्षण के दौरान पुल की तकनीकी खामियों की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा की “अभी बिजली के तार पुल के ऊपर से लटक रहे हैं। अगर कोई ट्रक गुजरेगा, तो यह तार गिर सकता है। यह एक बड़ा खतरा है, और इस तरह पुल चालू करना जनता की जान से खिलवाड़ है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



