
– बीएसपी प्रमुख ने सहारनपुर समेत यूपी में धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई पर जताई चिंता, कानून के मुताबिक कार्रवाई की मांग
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में मस्जिदों को कथित तौर पर अवैध बताकर ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई पर चिंता जताई है। उन्होंने सहारनपुर की मस्जिद सहित प्रदेश में धार्मिक स्थलों के खिलाफ चल रहे सरकारी अभियान को उचित नहीं बताते हुए सरकार से ऐसे मामलों में तत्काल रोक लगाने और समाधान के अन्य विकल्प तलाशने की अपील की है।
मायावती ने कहा कि किसी भी संवैधानिक और धर्मनिरपेक्ष सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सभी धर्मों को मानने वाले लोगों तथा उनके धार्मिक स्थलों का समान रूप से सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि इस्लाम में मस्जिदें इबादत और सामूहिक नमाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए इनके संबंध में संवेदनशीलता और भारतीय परंपरा के अनुरूप सम्मान का व्यवहार किया जाना व्यापक जनहित में जरूरी है।
बिना कानूनी प्रक्रिया कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
बीएसपी प्रमुख ने किसी अभियुक्त के मकान को बिना नियम-कानून का समुचित पालन किए ध्वस्त करने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के कथित अपराध के लिए उसके पूरे परिवार को सामूहिक रूप से सजा देकर बेघर करना उचित नहीं है।
उन्होंने ऐसे मामलों में कानून के अनुसार शासन और न्यायपूर्ण प्रक्रिया अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि बीएसपी सरकारों की तरह ‘कानून द्वारा कानून का राज’ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
न्यायालय से भी समुचित ध्यान देने की अपील
मायावती ने कहा कि इस विषय पर केवल सरकार ही नहीं, बल्कि न्यायालयों को भी समुचित ध्यान देना चाहिए, ताकि किसी भी कार्रवाई में कानून और संवैधानिक अधिकारों का पालन सुनिश्चित हो सके।
साथ ही, बीएसपी की ओर से लोगों से अपील की गई कि ऐसे संवेदनशील मामलों के बीच सभी पक्ष सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें और सामाजिक भाईचारे को किसी भी स्थिति में प्रभावित न होने दें।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



