
एलायंस टुडे ब्यूरो
मुरादाबाद। यूपी के जिले मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे क्षेत्र स्थित गांव शिवपुरी के जंगल में शुक्रवार रात पुलिस और कुख्यात गौतस्कर के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक आरोपी गौतस्कर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात थाना मूंढापांडे के एसएचओ को सूचना मिली कि शिवपुरी के जंगल में कुछ गौतस्कर प्रतिबंधित पशुओं की हत्या की योजना बना रहे हैं। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम को जंगल में भेजा और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जब पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिससे आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़कर अस्पताल भेजा।
बता दें की ये कय्युम क्षेत्र का एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर गौतस्कर है और इसके खिलाफ कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके गिरोह में 8-10 अन्य लोग शामिल हैं, जो बाहरी राज्यों से प्रतिबंधित पशु लाकर गौकशी करते थे। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस इंस्पेक्टर भी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत अब स्थिर है और उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल सकती है।
पुलिस की कार्यवाही जारी
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने इस मुठभेड़ के बाद गौतस्करी के गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की योजना बनाई है। उनके अनुसार, इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी जल्द ही की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि मुरादाबाद में गौकशी और गोतस्करी के खिलाफ निरंतर अभियान जारी रहेगा।
