
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। अंतरिक्ष यात्रा से लौटे वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का सोमवार को लखनऊ में ऐतिहासिक स्वागत हुआ। एक्सिओम मिशन-4 के मिशन पायलट के रूप में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा फहराने वाले शुभांशु का चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने उनका अभिनंदन किया। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और नागरिक मौजूद रहे।
एयरपोर्ट से गोमतीनगर स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) तक रोड शो निकाला गया। बारिश के बावजूद छात्रों और नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने पूरे मार्ग पर उनका स्वागत किया। लोकभवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभांशु शुक्ला और उनके माता-पिता का सम्मान किया। सीएम योगी ने कहा, “शुभांशु की उपलब्धि से न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की ताकत को पूरी दुनिया ने देखा है।” उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश सरकार शुभांशु शुक्ला के नाम पर एक विशेष स्कॉलरशिप योजना शुरू करेगी, जिससे विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु का अनुभव भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों में बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “18 दिनों में 300 से अधिक बार पूरी पृथ्वी की परिक्रमा करना अद्भुत है। लखनऊ में कई लोग ऐसे हैं जो जीवनभर में पूरा लखनऊ नहीं घूम पाते, लेकिन शुभांशु ने पूरी पृथ्वी देख ली।”
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चेयरमैन वी. नारायणन ने कहा कि शुभांशु जैसे युवा वैज्ञानिकों ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। “पहले केवल क्रिकेट के समय देश एकजुट दिखता था, अब अंतरिक्ष मिशन पर भी पूरा देश एक साथ जश्न मना रहा है,” उन्होंने कहा।
सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में छात्रों को संबोधित करते हुए शुभांशु शुक्ला ने कहा, “आज मेरे लिए यह बहुत खास अनुभव है। आप सबने जो स्वागत किया, उसके लिए आभार। मैं उतना टैलेंटेड नहीं हूं जितना आप लोग हैं। सही अवसर मिलने पर आप सभी भी बहुत आगे बढ़ सकते हो।”
इससे पहले शुभांशु ने अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर सीएम योगी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनके छोटे बेटे से स्नेहपूर्वक बातचीत की।
शुभांशु के स्वागत में लखनऊ नगर निगम ने पूरे शहर में तोरणद्वार सजाए। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “आज का दिन उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। शुभांशु शुक्ला आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। दुनियाभर में रह रहे भारतीयों को उन पर गर्व है।”
