
रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में ₹879 करोड़ से अधिक लागत की 346 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने आवासविहीन परिवारों को आवासीय पट्टों के आवंटन-पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास आज की आवश्यकता है और यही विकास युवाओं की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के साथ किसानों, कारीगरों और बुजुर्गों के जीवन में खुशहाली लाएगा।
मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के बिना इस आंदोलन का इतिहास अधूरा है। उन्होंने अवध क्षेत्र में राना बेनी माधव बख्श सिंह के योगदान को याद किया और उनकी स्मृति में निर्मित सभागार के लोकार्पण पर रायबरेलीवासियों को बधाई दी।
राहुल गांधी पर योगी का हमला
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत की विरासत, मनु और प्रभु श्रीराम पर टिप्पणी करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विरासत को समझने के लिए प्राचीन ग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए।
योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के क्रांतिकारियों और राष्ट्रीय नायकों को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभ भाई पटेल और वीर सावरकर का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को कांग्रेस ने नहीं बनाया, लेकिन देश का विभाजन जरूर कांग्रेस के शासनकाल में हुआ। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों की पीड़ा यह है कि अयोध्या में राम मंदिर क्यों बन गया।
रायबरेली में बनेगा वीरा पासी का भव्य स्मारक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि रायबरेली में अमर शहीद वीरा पासी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और उनका भव्य स्मारक भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विरासत को सम्मान देने के लिए लगातार काम कर रही है।
योगी ने कहा कि यदि सरकार ने प्रभु श्रीराम को सम्मान दिया है तो महर्षि वाल्मीकि, गोस्वामी तुलसीदास, निषादराज और माता शबरी को भी समान सम्मान दिया गया है।
मॉडर्न कोच फैक्ट्री ने तैयार किया पहला वंदे भारत ट्रेनसेट
मुख्यमंत्री ने रायबरेली की मॉडर्न कोच फैक्ट्री की उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री ने अपना पहला वंदे भारत ट्रेनसेट तैयार कर रोलआउट किया है। इससे रायबरेली का नाम न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में गौरव के साथ लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में रायबरेली के गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, गरीबों के घरों में शौचालय बनाए गए हैं और क्षेत्र में सड़कों का विस्तार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। विकास से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को सम्मान मिलेगा और बुजुर्गों को भी सहारा मिलेगा।
यह भी पढ़ें — लखनऊ में 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी, कैंपवेल रोड से शाहमीना शाह तक जाएगा जुलूस

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



